बदायूं में आग का तांडव: देखते ही देखते राख बना आशियाना, चार मासूम भेड़ के बच्चे जिंदा जले, परिवार सड़क पर आया
बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम मरौरी में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। लपटें और धुएं का गुबार देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में घर का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, जबकि चार भेड़ के मासूम बच्चे जिंदा जल गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और दैनिक उपयोग का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। देखते ही देखते परिवार की वर्षों की जमा पूंजी राख के ढेर में तब्दील हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बाल्टियों व पाइपों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरी तरह आग बुझाने का काम किया।
पीड़ित परिवार के अनुसार मकान में संजू पुत्र परमेश्वरी तथा परमेश्वरी पुत्र झम्मनलाल का परिवार रहता है। आग लगने के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट खड़ा हो गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम जैसा माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंच गई थी और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि आग से उजड़े परिवार को दोबारा बसाया जा सके।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com