बदायूं
बदायूं हाईवे पर मौत बनकर दौड़ी रोडवेज बस: भट्टे से लौट रहे मजदूर को रौंदा, स्कूटी के उड़े परखच्चे, हालत नाज़ुक
बदायूं / उसावां। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां मुरादाबाद–फर्रुखाबाद हाईवे पर देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। ईंट भट्टे पर दिनभर मजदूरी कर घर लौट रहे एक गरीब मजदूर को अज्ञात रोडवेज बस ने इतनी भीषण टक्कर मारी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और मजदूर सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा उसावां कस्बे के पास स्थित एक ईंट भट्टे के निकट हुआ। घायल मजदूर अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मजदूर कई फीट दूर जा गिरा।
घायल की पहचान अशर्फीलाल उर्फ पूसे पुत्र पुत्तू लाल, निवासी वार्ड नंबर 3 उसावां के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मजदूर को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे पर बेलगाम दौड़ रही रोडवेज और भारी वाहन आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों ने हाईवे पर स्पीड कंट्रोल और नियमित पुलिस निगरानी की मांग उठाई है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात रोडवेज बस की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com