आर्य वीर दल शिविर में बच्चों ने सीखे व्यायाम और आत्मरक्षा के गुर
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी स्थित आर्य समाज के तत्वावधान में 10 दिवसीय आर्य वीर दल शिविर का शुभारंभ हो गया। शिविर में पहले दिन करीब 250 बच्चों ने भाग लेकर व्यायाम, योग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर में दिल्ली से पधारे विश्व प्रसिद्ध व्यायाम शिक्षक प्रशांत आर्य ने बच्चों को प्रशिक्षण देना शुरू किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार सहित विभिन्न प्रकार के योगासन एवं शारीरिक व्यायाम कराए। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
प्रशिक्षक ने बच्चों को अनुशासन, शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए नियमित व्यायाम के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। शिविर में बेटियों को विशेष रूप से आत्मरक्षा के लिए तलवार चलाने के तौर-तरीके सिखाए गए, जिससे बालिकाओं में आत्मविश्वास और साहस का संचार हुआ।
आर्य समाज पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने बताया कि शनिवार से शिविर में कमांडो ट्रेनिंग भी आरंभ की जाएगी, जिसमें बच्चों को विशेष शारीरिक एवं सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं आर्य समाज के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

