बदायूं
डिजिटल युग से जुड़ीं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां: जगत ब्लॉक में बांटे गए स्मार्ट फोन, अब मोबाइल ऐप से होगा पूरा काम
बदायूं। जिले के विकास खंड जगत में शुक्रवार को बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन सौंपते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण स्तर तक डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, विभागीय अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्मार्ट फोन पाकर कार्यकत्रियों के चेहरे पर उत्साह देखने को मिला।



पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि अब आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं से जुड़े रिकॉर्ड तैयार करने में पहले जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले कागजी कार्यवाही अधिक होने से समय की बर्बादी होती थी, लेकिन अब डिजिटल माध्यम से काम आसान और पारदर्शी बनेगा।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन के जरिए कार्यकत्रियां शासन की योजनाओं का डाटा सीधे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगी। इससे पोषण अभियान, टीकाकरण, बच्चों के स्वास्थ्य और गर्भवती महिलाओं की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी। विभागीय सूचनाएं भी अब तुरंत मोबाइल पर उपलब्ध होंगी, जिससे कार्य व्यवस्था अधिक प्रभावी और तेज बनेगी।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन के संचालन और विभागीय एप्लीकेशन के उपयोग की जानकारी भी दी। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर गीतांजलि और शुभावती ने बताया कि डिजिटल प्रणाली लागू होने से रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत होगी और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंच सकेगा।
स्मार्ट फोन प्राप्त करने वाली कार्यकत्रियों में पूर्णिमा, राकेश कुमारी, विनीता, राजेश्वरी, ममता सिंह, शीला, मिथलेश, ममता, निधा परवीन और नवनीता सहित कई महिलाओं के नाम शामिल रहे। कार्यकत्रियों ने सरकार और विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनके कामकाज में काफी सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी।
इस अवसर पर सुरेश चंद्र राठौर पूर्व चेयरमैन गुलड़िया, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, खंड विकास अधिकारी लटूर सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और वक्ताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण, डिजिटल भारत अभियान और ग्रामीण प्रशासन को तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com