बदायूं में गर्मी का कहर, पारा 42 पार जाने के आसार: जिला अस्पताल ने बनाया स्पेशल हीट वेव वार्ड।
बदायूं 22 मई।
जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन दोपहर तक इसके 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग सुबह-सुबह ही जरूरी काम निपटाकर घरों में कैद होने को मजबूर हैं। दोपहर के समय शहर की सड़कें और बाजार वीरान नजर आ रहे हैं।
बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने बताया कि लू और हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अस्पताल में एक अलग विशेष वार्ड स्थापित किया गया है। इस वार्ड में 10 मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है। मरीजों को राहत देने के लिए वार्ड में 6 कूलर भी लगाए गए हैं। वार्ड में सभी आवश्यक दवाएं और जीवन रक्षक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। डॉक्टरों और स्टाफ को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय ने जिलेवासियों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही दोपहर के समय घर से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें।
डॉ. वार्ष्णेय ने चेताया कि लू लगने, चक्कर आने, उल्टी या तबीयत बिगड़ने पर लापरवाही न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर इलाज से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

