10:52 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिजली कटौती से मक्का की फसल सूखने की कगार पर किसानों ने तहसील पहुंचकर किया प्रदर्शन

बिजली कटौती से मक्का की फसल सूखने की कगार पर
किसानों ने तहसील पहुंचकर किया प्रदर्शन
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बैरमई खुर्द के किसानों ने बृहस्पतिवार को बिजली कटौती के विरोध में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। किसानों ने अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग की।
गांव निवासी किसान बृजभान सिंह ने बताया कि लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण खेतों में खड़ी मक्का की फसल सूखने लगी है। सिंचाई न होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
वहीं किसान प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गांव में 24 घंटे में केवल दो से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ऊपर से बिजली आने के बाद बार-बार ट्रिपिंग होने से किसानों को पर्याप्त सिंचाई का समय भी नहीं मिल पाता। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
दोपहर बड़ी संख्या में किसान तहसील मुख्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय बिजली कर्मचारी ट्यूबवेल की लाइनें भी बंद कर देते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
किसानों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस मौके पर कई किसान मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस