कटौती को लेकर सराह बरोलिया बिजली घर पर किसानों का हंगामा
सिंचाई संकट से फसलें सूखने की जताई आशंका
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के सराह बरोलिया बिजलीघर पर मंगलवार दोपहर उस समय माहौल गरमा गया जब कई गांवों के किसानों ने भीषण बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही कटौती को लेकर आक्रोश जताते हुए हंगामा किया और तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में 24 घंटे में केवल दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इस अनियमित और कम आपूर्ति के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे मक्का सहित अन्य फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो उनकी पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। क्षेत्र के गांव सिरतोल, केशरपुर, सराह बरोलिया, नगला वन, नरैनी और सराह बघौली सहित कई गांवों के किसान बड़ी संख्या में बिजली घर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए लिखित शिकायत भी सौंपी और तत्काल बिजली कटौती रोकने की मांग की। किसान नेता गौरव चौधरी एवं पवन उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसलें बर्बादी के कगार पर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान सर्वेश पाठक, प्रशांत चौधरी, मनवीर सिंह, मनोहर लाला, सुखवीर सिंह, देवपाल सिंह, अमर पाल शाक्य, विजय पाल, रामसेवक सागर, रितेश ठाकुर, समीम खान और फिदा हुसैन, अतुल सिंह, गफ्फार गौरी, गोपी किशन, अमरपाल शाक्य, प्रदीप उपाध्याय, अभय गुप्ता, सत्यम मिश्रा, ललित सिंह आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

