गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर अधिकारियों ने दिए निर्देश
बिल्सी। शासन के राज्य परिवर्तन आयोग से आए विशेषज्ञ एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि हीरा लाल ने मंगलवार को अंबियापुर ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचकर मातृ मृत्यु दर के कारणों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता जितेंद्र शर्मा तथा यूपीटीएसयू के जिला विशेषज्ञ अर्पित शुक्ला मौजूद रहे। अधिकारियों ने विशेषज्ञ टीम को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञ टीम ने प्रसूता महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, प्रसव कक्ष की व्यवस्था, महिला मरीजों की देखभाल, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया। गर्भवती महिलाओं के उपचार, समय पर जांच और सुरक्षित प्रसव को लेकर चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मचारियों से विस्तृत चर्चा भी की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, टीकाकरण व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। निरीक्षण को ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

