बदायूं
आठ साल की शादी, दो मासूम बच्चे… और फिर अचानक मौत! बिसौली में विवाहिता पूजा की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष बोला— “दहेज की बलि चढ़ गई बेटी”
बिसौली, बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव महोरी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आठ साल पहले बड़े अरमानों के साथ सजी पूजा की जिंदगी सोमवार शाम अचानक खत्म हो गई। पीछे रह गए दो मासूम बच्चे, रोता-बिलखता मायका और कई अनसुलझे सवाल।
35 वर्षीय पूजा पत्नी शेर सिंह की मौत को लेकर मामला अब गंभीर होता जा रहा है। जहां ससुराल पक्ष इसे बीमारी से हुई सामान्य मौत बता रहा है, वहीं मायके वालों ने सीधा आरोप लगाया है कि पूजा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसकी मारपीट कर हत्या कर दी गई।
मृतका के भाई पुष्पेंद्र निवासी पेंगा जरारा थाना बिसौली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पूजा की शादी मई 2018 में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा था। मांग पूरी न होने पर पूजा के साथ आए दिन मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों का कहना है कि कई बार पंचायत और समझौते भी हुए, लेकिन हालात नहीं बदले। सोमवार शाम अचानक पूजा की मौत की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के होश उड़ गए। परिवार का आरोप है कि पूजा की हत्या कर मामले को बीमारी का रूप देने की कोशिश की गई।
वहीं ससुराल पक्ष के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे पूजा की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। आनन-फानन में उसे बिसौली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के जेठ प्रदीप का कहना है कि पूजा लंबे समय से बीमार चल रही थी और उसकी मौत स्वाभाविक है। लेकिन मौत के बाद जिस तरह आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए, उससे मामला पूरी तरह संदिग्ध बन गया है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। विवाहिता की मौत के बाद मायके में मातम पसरा हुआ है। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे ज्यादा दर्द उन दो मासूम बच्चों का है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि दहेज हत्या या मारपीट की पुष्टि होती है तो आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब पूरे इलाके में एक ही सवाल गूंज रहा है— क्या पूजा की मौत बीमारी से हुई या फिर दहेज की आग में एक और बेटी की जिंदगी बुझ गई?
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com