6:45 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

*बदायूं में 400 केवी ट्रांसफार्मर में भीषण आग, आधा शहर अंधेरे में डूबा*

बदायूं

बदायूं। शहर के श्यामनगर इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिरुआबाड़ी मंदिर के पास लगे 400 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर की केबल व लीड्स धू-धू कर जलने लगीं। घटना के बाद आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया।
आग की चपेट में आने से बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी, जिसके चलते श्यामनगर, प्रोफेसर कॉलोनी, विजय नगर कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, पथिक चौक और काली सड़क समेत आधा दर्जन से अधिक इलाके अंधेरे में डूब गए। देर रात बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर के आसपास कूड़ा डाला गया था। आशंका जताई जा रही है कि कूड़े में लगी चिंगारी ने आग का रूप ले लिया और लपटें ट्रांसफार्मर तक पहुंच गईं। इसके बाद ट्रांसफार्मर की केबल और लीड्स जल गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलते ही पावर कॉर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
एसडीओ टाउन सुमित साहू ने बताया कि ट्रांसफार्मर सुरक्षित है, केवल केबल और लीड्स को नुकसान पहुंचा है। टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और करीब तीन से चार घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल कर दिए जाने की उम्मीद है।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस