बदायूं
बदायूं में दर्दनाक सड़क हादसा: बर्फ से लदा तेज रफ्तार टेंपो ऑटो बाइक पर चढ़ा,
चीख-पुकार से दहला इलाका
शनिदेव मंदिर के पास मची अफरा-तफरी, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
बदायूं जनपद के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिल्सी रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास तेज रफ्तार बर्फ से लदे टेंपो ऑटो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि टेंपो ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा पलटा। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए बिल्सी रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्सी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
