4:31 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज- नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी ने बाइक सवार को रौंदा

बदायूं

दातागंज में नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी बनी मौत का फरिश्ता, बाइक सवार को रौंदा, हालत नाजुक

दातागंज। बदायूं के दातागंज कस्बे में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बरेली रोड स्थित फायर स्टेशन के पास तेज रफ्तार नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी तेज गति से गुजर रही थी, तभी अचानक बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। टक्कर लगते ही युवक लहूलुहान होकर सड़क पर तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बेहद गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए बरेली रोड पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लेकर वाहन को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद नगर पालिका की लापरवाह कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस