1:02 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव- अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर दो घरों में लाखों की चोरी

अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर दो घरों में लाखों की चोरी की घटना को दिया अंजाम

पुलिस गश्त निकली फेल,गांव में फैली दहशत

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव बदायूं।

थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्री गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।शुक्रवार की बीती रात गांव दुगरैय्या में अज्ञात चोरों ने दो घरों की दीवार काटकर नगदी और सोने के आभूषणों सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया, जबकि परिवार के लोग घर के बाहर सोते रहे और पुलिस बेखबर बनी रही।
गांव निवासी निकत पत्नी नत्थू के मुताबिक चोर पीछे की दीवार में नकब लगाकर घर में घुसे और करीब 20 हजार रुपये की नकदी तथा सोने का हार व करीब 12 ग्राम की झुमकी समेट ले गए। सुबह जब परिवार जागा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी का पता चलते ही कोहराम मच गया। चोरों ने पड़ोसी शफी अहमद के घर को भी निशाना बनाया।वहां से भी करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने के जेवर चोरी कर लिए गए। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी से पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पा रही है। लोगों का कहना है कि अगर रात में गश्त होती तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार नहीं हो पाते। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब कुछ समय पहले थाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत घर में हुई चोरी का मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया, जिससे चोरों के हौसले और बढ़ गए हैं। अब लगातार हो रही घटनाओं से गांव के लोगों में भय के साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस