11:29 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बीमार परिचालक को समय पर न मिली मदद, मौत

बीमार परिचालक को समय पर न मिली मदद, मौत
पत्नी रातभर लगाती रही गुहार, गांव में नहीं मिला वाहन
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जाटान निवासी सतपाल (44) पुत्र स्वर्गीय रामस्वरूप की बृहस्पतिवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार समय पर इलाज के लिए वाहन न मिलने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि सतपाल बिल्सी के एक स्कूल की बस में परिचालक के पद पर कार्यरत थे और इसी नौकरी से परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक उन्होंने अपनी जमीन भी कर्ज के चलते गिरवी रखी हुई थी। बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। पत्नी कविता ने गांव में कई लोगों से मदद की गुहार लगाई और वाहन उपलब्ध कराने की अपील की, लेकिन देर रात किसी ने सहायता नहीं की। आरोप है कि गांव में अन्य नौकरीपेशा एवं फौजी परिवार भी मौजूद हैं, लेकिन किसी ने मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया। इसी बीच गांव के रायसिंह चौधरी और बंटी शर्मा ने मानवता दिखाते हुए ट्रैक्टर की व्यवस्था कर सतपाल को उपचार के लिए बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि सतपाल ने गांव में ही दम तोड़ दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी कविता, बेटी शिवानी (8), पुत्र देव (6) और राज (4) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर चर्चा है कि मुसीबत की घड़ी में जरूरतमंद परिवार को समय पर मदद नहीं मिल सकी।

विज्ञापन एक्सप्रेस