11:28 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सत्यापन में देरी पर भड़के शिक्षा प्रेरक, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सत्यापन में देरी पर भड़के शिक्षा प्रेरक, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिल्सी। तहसील क्षेत्र में पूर्व कार्यरत शिक्षा प्रेरकों ने लंबित मानदेय भुगतान को लेकर सत्यापन कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए शनिवार को एसडीएम राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रेरकों ने आरोप लगाया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय द्वारा सत्यापन प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। प्रेरकों ने बताया कि विभाग की ओर से सत्यापन कार्य पूरा करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित की गई थी, लेकिन तय समय सीमा बीतने के कई दिन बाद भी सत्यापन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे शिक्षा प्रेरकों में आक्रोश व्याप्त है। एसडीएम को दिए ज्ञापन में प्रेरकों ने कहा कि लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण वे आर्थिक तंगी और बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि खंड शिक्षाधिकारी को जल्द सत्यापन कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि रुके हुए मानदेय का भुगतान शीघ्र कराया जा सके। साथ ही शिक्षा प्रेरकों की संविदा बहाल कर उन्हें पुनः रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। शिक्षा प्रेरकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मानदेय भुगतान शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर प्रदीप कुमार, उपासना देवी, उमेश चंद्र, हरपाल सिंह, राजपाल सिंह, महेंद्र कुमार, जयप्रकाश, रतन पाल, चंद्रभान सिंह, दयाराम सिंह और हरिओम सिंह आदि शिक्षा प्रेरक मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस