बकरीद पर नई परंपरा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीएम
बिल्सी। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी केके तिवारी, कोतवाल मनोज कुमार सिंह एवं क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और धर्मगुरुओं ने भाग लिया। एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि त्योहार को केवल पारंपरिक तरीके से ही मनाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति नई परंपरा डालने या माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्षेत्राधिकारी एवं कोतवाल ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने को कहा। साथ ही कुर्बानी के बाद अवशेष खुले में न फेंकने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक के अंत में सभी नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर जामा मस्जिद के शाही इमाम असरारउल हक, डॉ. फहीम खान, गोपालदास स्वामी, तेजप्रताप सिंह, डॉ. हैदर अली खान, पूर्व प्रधान अबरार खान, गोपाल वार्ष्णेय, मुरारीलाल सेठ एवं अफजल खान समेत कई लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

