बैंक शाखाएं हटाने के विरोध में बिल्सी में गरजा किसान यूनियन, SDM को सौंपा ज्ञापन।
बिल्सी बदांयू 15 मई।
बिल्सी तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का कारण निजामपुर और रियोनाई गांवों से बैंक शाखाएं हटाए जाने की चल रही चर्चाएं रहीं।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकियू जिलाध्यक्ष रमाशंकर शंखदार ने बताया कि निजामपुर गांव में लगभग 30 साल पुरानी बैंक शाखा को हटाने की सूचना मिल रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। संगठन ने पहले भी तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शाखा को यथास्थान बनाए रखने की मांग की थी।
इसी दौरान रियोनाई गांव के ग्रामीणों ने भी बैंक शाखा को उघैती स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं पर कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बैंक शाखा होने से उन्हें सरकारी योजनाओं, पेंशन और दैनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से मिल जाता है। शाखा हटने पर वृद्धों, महिलाओं और किसानों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उनकी परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने तहसील मुख्यालय पर जमकर नारेबाजी की और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोनों गांवों की बैंक शाखाओं को यथावत रखने की मांग की।
भाकियू जिलाध्यक्ष रमाशंकर शंखधार ने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोनों गांवों की बैंक शाखाएं हटाने का फैसला तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने कहा, “यदि ग्रामीणों की जायज मांगों की अनदेखी की गई तो भारतीय किसान यूनियन चुप नहीं बैठेगी। संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
ज्ञापन सौंपने वालों में भाकियू के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दोनों गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।
—
अमन वार्ष्णेय।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
