बिल्सी -अंतिम संस्कार में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 8 लोग घायल।
बिल्सी बदायूं 15 मई ।
बिल्सी थाना क्षेत्र के बढ़नोमी गांव निवासी सुखपाल शर्मा के बड़े भाई राम किशोर शर्मा (75) के अंतिम संस्कार में जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार दोपहर मुजरिया थाना क्षेत्र के रफीनगर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बढ़नोमी निवासी राम किशोर शर्मा का शुक्रवार को निधन हो गया था। परिवार और गांव के लोग उनका अंतिम संस्कार करने के लिए दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला गंगा घाट जा रहे थे। रफीनगर के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों में सत्यनारायण, नमो नारायण, शिव शंकर, भूरे, उदयवीर, तपनेश शर्मा, जय भगवान शर्मा और विजय शर्मा शामिल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिल्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
— अमन वार्ष्णेय


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
