दो कांस्य पदक जीतकर एएसपी राजकुमार सिंह ने बढ़ाया प्रदेश का मान
बिल्सी के गांव हैवतपुर के रहने वाले है राजकुमार सिंह
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव हैवतपुर निवासी एवं वर्तमान में लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक अपराध (ईओडब्ल्यू) के पद पर तैनात राजकुमार सिंह ने ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 9 मई से 13 मई तक लखनऊ में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस टीम की ओर से प्रतिभाग करते हुए राजकुमार सिंह ने मिक्स्ड डबल्स तथा वेटरन पुरुष डबल्स इवेंट में दो कांस्य पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं उत्तर प्रदेश के खेल सचिव सुहास एलवाई (आईएएस) ने राजकुमार सिंह को पदक पहनाकर सम्मानित किया। दो पदक जीतकर उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2017 में कोच्चि (केरल) में आयोजित इसी प्रतियोगिता में राजकुमार सिंह ने मिक्स्ड डबल्स इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। राजपत्रित श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह उत्तर प्रदेश के अब तक एकमात्र खिलाड़ी हैं। इसके अतिरिक्त राजकुमार सिंह प्रदेश स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में एक दर्जन से अधिक गोल्ड मेडल भी अपने नाम कर चुके हैं। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

