बदायूं में आधी रात प्रशासनिक सर्जरी, ADM-सिटी मजिस्ट्रेट समेत 4 अफसर बदले।
कल्पना जायसवाल फिरोजाबाद रवाना, सुरेश पाल को मिला प्रमोशन का तोहफा।
बदांयू 15 मई।
शासन ने गुरुवार देर रात बदायूं जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार वरिष्ठ अधिकारियों को इधर से उधर कर दिया। इस तबादला एक्सप्रेस में ADM न्यायिक कल्पना जायसवाल को फिरोजाबाद भेजा गया है, जबकि सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल को प्रमोट कर ADM वित्त एवं राजस्व बना दिया गया है।
किसकी कहां लगी ड्यूटी, एक नजर
कल्पना जायसवाल ADM न्यायिक, बदायूं से ADM वित्त एवं राजस्व, फिरोजाबाद। करीब सवा साल तक जिले में रहीं।
अंजुम बी ADM न्यायिक, गाजियाबाद से ADM न्यायिक, बदायूं कई महत्वपूर्ण जिलों में काम कर चुकी हैं।
सुरेश कुमार पाल सिटी मजिस्ट्रेट से प्रमोट होकर ADM वित्त एवं राजस्व, बदायूं लंबे समय से जिले में जमे थे।
सुमित सिंह SDM अलीगढ़ से नए सिटी मजिस्ट्रेट, बदायूं।
डॉ. वैभव शर्मा ADM वित्त एवं राजस्व, बदायूं से ADM प्रशासन, गोरखपुर। डेढ़ साल तक राजस्व व कानून व्यवस्था संभाली।
क्यों अहम है ये फेरबदल ?
शासन के गलियारों में चर्चा है कि मॉनसून से पहले बाढ़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं को रफ्तार देने के लिए यह बदलाव किया गया है। डॉ. वैभव शर्मा के कार्यकाल में राजस्व वसूली में तेजी आई थी, वहीं सुरेश पाल को प्रमोशन देकर शासन ने जिले में ही रोक लिया है।
अंजुम बी की तैनाती से न्यायिक मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, अलीगढ़ से आ रहे सुमित सिंह के सामने शहर की ट्रैफिक और अतिक्रमण बड़ी चुनौती होंगे।
नए अधिकारी शुक्रवार तक कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। वहीं स्थानांतरित अफसर रिलीव होकर नए जिलों के लिए रवाना होंगे।
बदायूं में पिछले 14 महीने में यह तीसरा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। जिले की सियासत भी इन तबादलों को चुनावी तैयारियों से जोड़कर देख रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com