बदायूं
बिनावर में कुदरत का कहर: आंधी से पेड़ गिरने पर भैंस की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली चकनाचूर, युवक घायल; 25 बिजली पोल भी धराशायी
बदायूं जिले के कस्बा बिनावर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और धूलभरी हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। कहीं सड़कें अवरुद्ध हो गईं तो कहीं बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई।
सबसे दर्दनाक हादसा थाना बिनावर क्षेत्र के पुठी गांव में हुआ, जहां तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ टूटकर भैंस पर गिर पड़ा। हादसे में गांव निवासी हरी सक्सेना की भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि भैंस पेड़ के नीचे बंधी हुई थी, तभी अचानक तेज हवाओं के चलते पेड़ जड़ समेत उखड़कर उसके ऊपर आ गिरा।
आंधी का असर सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहा। पुठी गांव में ही एक नीम का विशाल पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं तेज हवाओं के कारण एक टुकटुक वाहन पलट गया, जिसमें सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक के शरीर पर करीब 40 टांके आए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान वीर सिंह ने तहसील प्रशासन को अवगत कराया और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।


उधर, तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था की भी कमर तोड़ दी। कई गांवों में पेड़ बिजली लाइनों और पोलों पर गिर पड़े, जिससे देर रात तक अंधेरा पसरा रहा। बिनावर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता सतीश चंद्र ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 25 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विभाग की टीमें मौके पर लगाई गई हैं और नए पोल लगाकर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
आंधी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग देर रात तक घरों से बाहर निकलकर नुकसान का जायजा लेते दिखाई दिए।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com