शराब ठेके से उठाया, सड़क पर दौड़ाकर बनाया विडियो युवक बोला– “पुलिस ने खुद थमाया शराब का थैला”, फर्जी मुकदमे का आरोप
कुंवरगांव। बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। गांव पनौटा निवासी युवक ने थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं को शिकायती पत्र सौंपा है। युवक का दावा है कि उसे शराब ठेके से उठाकर थाने में बैठाया गया और बाद में सड़क पर दौड़ाकर वीडियो बनाते हुए आबकारी एक्ट में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
पनौटा निवासी कृपाल सिंह पुत्र टोडीलाल के मुताबिक 10 मई 2026 की शाम करीब 4:45 बजे वह कस्बे के एक देसी शराब ठेके पर मौजूद था। आरोप है कि तभी थाना कुंवरगांव में तैनात सिपाही गौरव शर्मा एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ पहुंचे और उसे पकड़कर सीधे थाने ले गए। युवक का कहना है कि थाने में बंद करने के बाद पुलिसकर्मियों ने भरोसा दिलाया कि “थोड़ी देर बाद छोड़ देंगे।”
पीड़ित के अनुसार शाम को पुलिसकर्मी उसे बाजार रोड पर ले गए और उसके हाथ में एक थैला पकड़ाकर सड़क पर दौड़ाया गया। आरोप है कि इसी दौरान मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। युवक का कहना है कि दौड़ते समय वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद थैले में शराब के पाउच दिखाकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे दो जमानतियों के आधार कार्ड लेने के बाद उसे छोड़ा गया। शिकायत में कहा गया है कि पूरी घटना कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है और फुटेज की जांच होने पर सच्चाई सामने आ सकती है।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com