बिल्सी। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज आंधी चलने से जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर पड़े। रफीनगर से खितौरा जाने वाले मार्ग पर एक पुराना पेड़ सड़क पर गिर जाने से काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। पेड़ गिरने की चपेट में आने से बिजली का पोल और विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके कारण इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद एहतियातन बिजली सप्लाई बंद कराई गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर एकत्र होकर काफी मशक्कत के बाद गिरे हुए पेड़ को सड़क से हटाया, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। स्थानीय निवासी राकेश यादव ने बताया कि तेज आंधी के कारण रफीनगर के पास खितौरा रोड पर पेड़ गिरने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। आंधी के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि हवा की गति करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

