महर्षि विद्या मंदिर में मातृ दिवस की धूम, माताओं की पाक-कला और बच्चों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल
बदायूं। महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मातृ दिवस का आयोजन बेहद उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच किया गया। विद्यालय परिसर मातृ-प्रेम, सम्मान और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, माताओं और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप गुरु पूजन से हुई। इसके बाद विद्यालय परिवार द्वारा सभी माताओं का तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रशासन की ओर से आयोजित इस विशेष समारोह में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की माताओं के लिए “अग्नि रहित पाक-कला प्रतियोगिता” आयोजित की गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में माताओं ने बिना आग के रंग-बिरंगे, आकर्षक और पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता और पाक-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय का उद्देश्य मातृत्व की गरिमा को सम्मान देना और माताओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना था। निर्णायक मंडल में शिक्षक रवींद्र प्रताप सिंह, शिक्षिका अविनाश कौर साहनी एवं मंजू सक्सेना शामिल रहीं। परिणामों में कक्षा 1 के अद्विक की माता ने प्रथम, कक्षा 3 के अरनव की माता ने द्वितीय तथा वाटिका-3 के अस्तिन की माता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के बीच कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान को रंगों और कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए आकर्षक कार्ड कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बने।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भावपूर्ण कविताएं, प्रेरणादायक भाषण और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। बच्चों ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से संदेश दिया कि “माँ त्याग, ममता और समर्पण की सबसे बड़ी मिसाल होती है।”
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य विमल कुमार ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि माँ के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में माता-पिता के सम्मान और संस्कारों के महत्व को समझने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन सांस्कृतिक गतिविधि प्रभारी मंजू सक्सेना, ध्यान शिक्षिका वंदना पांडे, नीलम भारद्वाज एवं श्वेता सैनी के निर्देशन में किया गया, जबकि मंच संचालन मोनी यादव ने प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह में विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
केशव गुप्ता






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

