10:24 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

मदर्स डे पर बदायूं पुलिस बनी फरिश्ता: 25 दिन से लापता किशोरी को मां से मिलवाकर लौटाई मुस्कान

बदायूं

बदायूं। मदर्स डे के मौके पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए करीब 25 दिनों से अपने परिवार से बिछड़ी किशोरी को उसकी मां से मिलवाकर एक मां की सूनी आंखों में फिर खुशियों की चमक लौटा दी। पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और गहन पड़ताल की बदौलत गाजियाबाद से लापता किशोरी आखिरकार अपने परिवार तक सकुशल पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार 9 मई की रात थाना सिविल लाइंस पुलिस गश्त और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान में व्यस्त थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे रहमुद्दीननगर से धमई जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे एक करीब 15 वर्षीय घायल बालिका बैठी मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मानवीय संवेदना दिखाते हुए उससे पूछताछ की, जिस पर उसने अपना नाम समरीन पुत्री इस्लाम निवासी लोनी, जनपद गाजियाबाद बताया और पीठ व पैर में दर्द होने की बात कही।
थाना सिविल लाइंस पुलिस ने बिना देर किए बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अगले दिन सुबह मामला उस समय और गंभीर हो गया जब एक महिला पुलिस चौकी शेखूपुर पहुंची और घायल किशोरी को अपनी बहन “कनक” बताने लगी। लेकिन महिला और किशोरी के बयानों में विरोधाभास सामने आने पर प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और गहन जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत पुलिस ने पूरे मामले की तह तक पहुंचने का फैसला किया। महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में दोबारा की गई पूछताछ में किशोरी ने अपना वास्तविक नाम समरीन पुत्री इस्लाम और अपनी मां का नाम मैनाज निवासी लोनी गाजियाबाद बताया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि समरीन 15 अप्रैल 2026 से अपने घर से लापता थी, जिसके संबंध में थाना लोनी गाजियाबाद में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज था। बदायूं पुलिस ने तत्काल लोनी थाना पुलिस और समरीन की मां से संपर्क किया। सूचना मिलते ही समरीन की मां मैनाज अपने परिजनों और लोनी थाना पुलिस के साथ बदायूं पहुंची। मां और बेटी जैसे ही आमने-सामने आए, माहौल भावुक हो उठा। करीब 25 दिन बाद बेटी को सकुशल देखकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए किशोरी को उसकी मां और लोनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान समरीन के परिवार ने बदायूं पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रिय कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, चौकी प्रभारी शेखूपुर एवं मिशन शक्ति केंद्र टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस