बदायूं
बदायूँ। जनपद में महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने महिला थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। थाना परिसर में पहुंचते ही अधिकारियों ने थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और कमियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिला थाना में जनसुनवाई भी की गई, जहां फरियाद लेकर पहुंची महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश संबंधित पुलिसकर्मियों को दिए गए। अधिकारियों ने साफ कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़ित महिलाओं को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने विशेष सतर्कता दिखाई। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण करते हुए उन्हें 24 घंटे सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ज्योति सिंह, दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला कांस्टेबल मालती, सीसीटीएनएस पर तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल सीमा तथा संतरी पहरा पर मौजूद रिक्रूट आरक्षी दिव्या शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति गंभीर रहने और आमजन को भी जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही “साइट्रेन” पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराधों की रोकथाम एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर बल दिया गया। रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें अनुशासन, जनसंपर्क, ड्यूटी निर्वहन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के गुर सिखाए गए।
इसके अलावा शासन की महत्वाकांक्षी “मिशन शक्ति फेज-5.0” अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने हेतु महिला पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक क्षेत्र भ्रमण करने, स्कूल-कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार और पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा हर महिला को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी है।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

