आवारा सांड के हमले में युवक गंभीर घायल, लोगों ने बचाई जान
बिल्सी नगर में रोडवेज बस स्टैंड के पास की घटना
बिल्सी। नगर में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात रोडवेज बस स्टैंड के पास एक आवारा सांड ने एक युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को भगाकर युवक की जान बचाई। घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला संख्या दो निवासी मुकेश बाबू मेहनत-मजदूरी का काम करता है। शुक्रवार रात वह अपना काम समाप्त कर पैदल घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह रोडवेज बस स्टैंड के पास पहुंचा, तभी वहां घूम रहे एक आवारा सांड ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। सांड ने मुकेश को सींगों से उठाकर सड़क पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड काफी देर तक युवक पर हमला करता रहा। मुकेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और घरों से निकलकर लोग दौड़ पड़े। लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल युवक को सड़क से उठाया। घटना के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल मुकेश को तत्काल बिल्सी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार युवक को शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। नगरवासियों ने आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर में आवारा सांड और पशु आए दिन राहगीरों पर हमला कर रहे हैं। जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

