10:24 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर हवन-पूजन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा

उझानी: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर हवन-पूजन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा

उझानी, बदायूं 9 मई।

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर उझानी में शनिवार को श्रद्धा और स्वाभिमान का अद्भुत संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा और स्थानीय संगठनों के तत्वावधान में हवन-पूजन के बाद नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

सुबह 11 बजे बरी बाईपास स्थित महाराणा प्रताप चौक पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया। हवन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। हवन के बाद विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन स्वाभिमान और पराक्रम का प्रतीक है, जो आज भी समाज को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है।


शाम 4 बजे महाराणा प्रताप चौक से शोभायात्रा शुरू हुई जो मुख्य बाजार से होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यात्रा में घोड़े, बैंड-बाजे और महाराणा प्रताप की झांकी मुख्य आकर्षण रही। युवा हाथों में केसरिया ध्वज लिए “जय मेवाड़, जय महाराणा” के जयकारे लगाते चल रहे थे। महिलाओं ने घरों के बाहर रंगोली सजाकर और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा शौर्य, साहस, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के लिए निकाली गई। शोभायात्रा में सर्व समाज और सर्व जाति के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शोभायात्रा के रूट को लेकर पहले ही पुलिस-प्रशासन के साथ बैठक की गई थी। यात्रा के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए वॉलंटियर्स भी लगे रहे।

इस मौके पर विधायक हरीश शाक्य, महेश चंद्र गुप्ता,पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह चौहान, ठाकुर अमित प्रताप सिंह,कुशल राघव,योगेश प्रताप सिंह,विश्नू सोलंकी,डाॅ जेपी सिंह सोलंकी,जयपाल सिंह,समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस