10:24 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

इलाज के लिए आए मरीज, मिला सिर्फ इंतजार: उझानी CHC में अधीक्षक समेत डॉक्टर गायब

इलाज के लिए आए मरीज, मिला सिर्फ इंतजार: उझानी CHC में अधीक्षक समेत डॉक्टर गायब।

उझानी (बदायूं) 9 मई।

उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की लेटलतीफी से मरीजों का सब्र टूट रहा है। अस्पताल खुलने का समय सुबह आठ बजे है। भीषण गर्मी में दूर-दराज के गांवों से आए मरीज आठ बजे से पहले ही लाइन में लग जाते हैं, लेकिन डॉक्टरों के दर्शन साढ़े आठ बजे के बाद होते हैं। शनिवार को तो हद ही पार हो गई। साढ़े आठ बजे तक चिकित्सा अधीक्षक समेत अधिकांश डॉक्टर अपनी कुर्सी से नदारद थे।

इमरजेंसी में भी सन्नाटा, मरीज होते रहे परेशान –
शनिवार को भी यही नजारा था। ओपीडी के बाहर मरीज और तीमारदार आधे घंटे से ज्यादा डॉक्टरों का इंतजार करते रहे। इमरजेंसी वार्ड में भी सन्नाटा पसरा रहा। दर्द से कराहते मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिला।

‘रोज बरेली से आते हैं’, अधीक्षक ने दी सफाई-
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेन्द्र मौर्य ने कहा कि उन्होंने हाल ही में उझानी CHC का चार्ज संभाला है। उझानी में सरकारी आवास न मिलने के कारण रोज बरेली से आना-जाना पड़ता है, इसलिए अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर में कमरा देख रहे हैं और जल्द ही उझानी शिफ्ट हो जाएंगे।

लापरवाह डॉक्टरों पर गिरेगी गाज-
डॉ. मौर्य ने कहा कि CHC का जल्द औचक निरीक्षण किया जाएगा। ड्यूटी से गायब रहने वाले और लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई होगी।



राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस