4:42 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

रिसौली गोशाला में चार गोवंशों की संदिग्ध मौत, ग्रामीणों का हंगामा

रिसौली गोशाला में चार गोवंशों की संदिग्ध मौत, ग्रामीणों का हंगामा
बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर क्षेत्र के गांव रिसौली स्थित गोशाला में चार गोवंशों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। वहीं दो अन्य गोवंशों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गौशाला पहुंचकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी कुलदीप कुमार कश्यप ने आरोप लगाते हुए बताया कि गोशाला में लापरवाही के चलते चार गोवंशों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य गोवंश गंभीर अवस्था में पड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना था कि यहां पर गोवंशों की समुचित देखभाल नहीं की जा रही है, जिससे आए दिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग उठाई। मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए हल्का लेखपाल विनोद कुमार सिंह के साथ टीम को मौके पर जांच के लिए भेजा। जांच करने पहुंचे हल्का लेखपाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि गोशाला के केयरटेकर से पूछताछ की गई है। केयरटेकर ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से छह गोवंश झुलस गए थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। लेखपाल ने बताया कि केयरटेकर और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई है। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है। एसडीएम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण प्रशासन से गोशाला की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस