कुंवरगांव। ब्लॉक सलारपुर की ग्राम पंचायत इमलिया में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘जल जीवन मिशन’ योजना सुस्त रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। गांव में बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार टंकी का ढांचा खड़ा होने के बाद निर्माण कार्य अचानक ठप हो गया। पाइपलाइन बिछाने और घरों तक कनेक्शन देने का काम भी अधूरा पड़ा है। अधूरी पानी टंकी अब गांव में केवल एक ढांचे के रूप में खड़ी दिखाई दे रही है।
गर्मी बढ़ने के साथ गांव में पेयजल संकट भी गहराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार गर्मी में घर-घर नल से पानी मिलेगा, लेकिन काम बंद होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से न तो कोई कर्मचारी मौके पर दिखाई दिया और न ही ठेकेदार द्वारा निर्माण आगे बढ़ाया गया।
ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार पर लापरवाही और कार्य में देरी के आरोप लगाए हैं। साथ ही जिला प्रशासन और जल निगम अधिकारियों से जल्द निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर योजना को पूरा कराने की मांग की है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन पर टिकी है कि आखिर कब बंद पड़े इस प्रोजेक्ट को दोबारा गति मिलती है और गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल पाती है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

