उझानी में खेत जोतने के विवाद में परिवार पर हमला, पति-बेटी घायल, केस दर्ज।
उझानी, बदायूं। 7 मई 2026।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के रोशन नगर गांव में जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोमवार रात खेत जोतने से मना करने पर परिवार के ही लोगों ने लाठी-डंडे और भाले से हमला कर दिया। हमले में पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम रोशन नगर निवासी शीतल देवी पत्नी अंगद सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत के अनुसार, 4 मई की रात करीब 8 बजे उनके ही परिवार के भगवान सिंह, राजू, शिवांक और अंकित ने खेत जोतने की बात पर विवाद किया। मना करने पर आरोपियों ने शीतल देवी, उनके पति अंगद सिंह और बेटी दीक्षा पर लाठी-डंडे व भाले से हमला कर दिया।
हमले में अंगद सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया और दीक्षा को भी गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और 112 पर कॉल करते ही हमलावर मौके से भाग गए। पीड़िता शीतल देवी विकलांग हैं। पुलिस ने घायल अंगद सिंह को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज बदायूं भेजा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और पहले भी मारपीट कर चुके हैं। अब समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं।
कोतवाली उझानी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com