कादरचौक: अकेली देख युवती से छेड़छाड़, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी, दो पर रिपोर्ट।
कादरचौक, बदायूं 7 मई।
थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 मई की शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी बेटी घर पर अकेली काम कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही बोना पुत्र जमील और नब्बू पुत्र बच्चन उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि युवती को अकेला देखकर दोनों ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने युवती के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद 6 मई को पीड़िता के पिता ने थाना कादरचौक पहुंचकर तहरीर दी। थानाध्यक्ष के आदेश पर उपनिरीक्षक हरिओम सिंह ने मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि केस की विवेचना उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com