1:02 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति-5 अभियान – स्कूलों के आसपास चला एंटी रोमियो चेकिंग अभियान

मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत उझानी पुलिस का सख्त एक्शन, बाजारों और स्कूलों के आसपास चला एंटी रोमियो चेकिंग अभियान

बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति-5” अभियान के अंतर्गत थाना उझानी पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, स्कूलों, पार्कों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टीम ने संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों एवं अनावश्यक रूप से भीड़ वाले स्थानों पर खड़े व्यक्तियों से सघन पूछताछ की। पुलिस कर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी। वहीं स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई ताकि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एंटी रोमियो टीम ने अभियान के दौरान युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर हड़कंप का माहौल देखने को मिला, वहीं आम नागरिकों और महिलाओं ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।
उझानी पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मनचलों, असामाजिक तत्वों व कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस