दूषित पानी के विरोध में कांग्रेस-ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर धरना, एडीएम को सौंपा ज्ञापन।
बदायूं, 4 मई 2026।
उझानी नगर पालिका का दूषित पानी ग्राम नरऊ के तालाब समेत चार गांवों में प्रवाहित करने की योजना के विरोध में सोमवार को कांग्रेसियों व ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि गांवों में दूषित पानी भेजा गया तो लोकतांत्रिक ढंग से बड़ा संघर्ष होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि माननीय उच्च न्यायालय ने जनहित याचिका 2378/2025 में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन ग्रामों में दूषित पानी प्रवाहित न हो। प्रशासन ने भी कोर्ट में जवाब दाखिल कर बताया था कि समस्या के समाधान के लिए STP प्रोजेक्ट बनाकर सरकार को भेजा गया है, जिससे उझानी का दूषित पानी सीधे भैंसोर नदी में गिरेगा। बजट मिलते ही कार्य शुरू होगा।
ओमकार सिंह ने बताया कि उझानी के दूषित पानी से नरऊ में हैंडपंप का पानी पीने योग्य नहीं बचा था। जल निगम ने खुद नालों पर लाल क्रॉस कर प्रतिबंधित किया था। 40% ग्रामीण पीलिया से ग्रस्त हो गए थे, कई बच्चों व पशुओं की मौत हुई थी। इसके विरोध में 25 अगस्त 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक 103 दिन धरना चला था।
आरोप है कि अब बाईपास पर प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा पाइप डालकर पुलिया बनाई जा रही है, ताकि पानी फिर से नरऊ मलिकपुर, अचौरा व मीलालनगला में छोड़ा जा सके। एआईसीसी सदस्य जितेंद्र कश्यप ने कहा कि 29 दिसंबर 2025 को प्रशासन ने वादा किया था कि STP लागू होने तक पानी गांवों में नहीं जाएगा, लेकिन अब पुलिया बनाकर वादाखिलाफी हो रही है।


ग्रामीण छोटे लाल जाटव, नेपाल सिंह सोलंकी, कमल प्रताप सिंह ने कहा, “किसी कीमत पर दूषित पानी गांव में नहीं आने देंगे, चाहे जान देनी पड़े।” शहर अध्यक्ष मुन्नालाल सागर, सुरेश सिंह राठौर, रजनी सिंह, सुनीता सिंह, गौरव सिंह राठौर ने भी कहा कि जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन होगा।
धरने में भगवान दास, चंद्र सेन, तिलकचंद, कृपाल, गणेश, अशोक कुमार, रामस्वरूप, ओमवीर समेत दर्जनों ग्रामीण व कांग्रेसी मौजूद रहे। संचालन जिला महासचिव इगलास हुसैन ने किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

