3:58 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

जलभराव से नाराज नागरझूना के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जलभराव से नाराज नागरझूना के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जिम्मेदारों पर लगाए लापरवाही के आरोप
बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर क्षेत्र के गांव नागरझूना में विकास के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो चुकी है। जिससे परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी लगातार जमा रहता है। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और ग्राम प्रधान के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया। ग्रामीण चांद बाबू ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। कल्लो बेगम ने कहा कि पानी भरे होने के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। पप्पू सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। अतुल कश्यप ने चेताया कि जलभराव के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में चाँद बाबू, कल्लो बी, पप्पू सिंह, अतुल कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, अंबियापुर की बीडीओ शैली गोविल ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है और जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस