मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने भेजा पोस्टकार्ड ज्ञापन
बिल्सी। ब्लॉक अंबियापुर क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड के माध्यम से ज्ञापन भेजकर लंबित मानदेय के भुगतान एवं अन्य मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग उठाई है। रोजगार सेवकों का कहना है कि उन्हें पिछले 26 महीनों से मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने उल्लेख किया है कि वे उत्तर प्रदेश के स्थायी निवासी हैं और लंबे समय से ग्राम पंचायतों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का संचालन कर रहे हैं, लेकिन मानदेय के अभाव में उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और इलाज जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर से लगातार कार्य का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि कार्य निष्पादन के लिए मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप और डाटा रिचार्ज जैसी सुविधाओं की आवश्यकता होती है, जिसका खर्च उन्हें स्वयं वहन करना पड़ता है। मानदेय न मिलने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है और योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधाएं आ रही हैं। रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री से कंटीन्जेंसी व्यवस्था समाप्त कर नियमित मानदेय 24 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। इस दौरान जिलाध्यक्ष शेर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, महामंत्री मुनीश पाठक सहित सुरजीत, डोरीलाल, पंकज कुमार, अनुज कुमार, वीरसिंह, मीना पाल, गीता रानी, सेवराम और संतोष समेत समस्त ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

