बदायूं
तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई बाइक, 8 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, दो किशोर घायल — एक की हालत गंभीर
बदायूं जनपद के उसहैत क्षेत्र अंतर्गत चांदबराई गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में हजरतपुर थाना क्षेत्र के मौजमपुर निवासी 8 वर्षीय प्रदीप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों में से एक किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और बाइक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

