राजकीय पॉलीटेक्निक बिल्सी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू
30 अप्रैल तक हो सकेंगे आवेदन,15 से 25 मई के मध्य होगी प्रवेश परीक्षा
जिला बदायूं। IGCSM द्वारा संचालित राजकीय पॉलीटेक्निक बिल्सी बदायूं के प्रिंसिपल मुराद आलम ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए संस्थान सहित प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 अप्रैल तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा की मांग तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
प्रवेश परीक्षा का आयोजन 15 से 25 मई के बीच कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से ही अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न इंजीनियरिंग एवं नॉन-इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://jeecup.admissions.nic.in/ के माध्यम से आसानी से आवेदन कर सकते हैं।
प्रिंसिपल मुराद आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक बिल्सी बदायूं में छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्थान में स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, सुसज्जित वर्कशॉप, डिजिटल लाइब्रेरी तथा छात्रावास जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने आगे बताया कि छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक और औद्योगिक अनुभव भी प्रदान किया जाता है। इसके तहत समय-समय पर इंडस्ट्रियल विजिट, एक्सपर्ट लेक्चर, सेमिनार और सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
छात्रों को आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित हैं, जिनके तहत पात्र छात्रों को 35,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा टैबलेट एवं अन्य डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे छात्र आधुनिक तकनीक के साथ अपनी पढ़ाई को और बेहतर बना सकें।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत माध्यम
तकनीकी शिक्षा आज के समय में रोजगार प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग तथा दो वर्षीय फार्मेसी जैसे पाठ्यक्रम छात्रों को सीधे उद्योगों से जोड़ते हैं। अंतिम वर्ष में ही छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी के अवसर मिलने लगते हैं, जहां उन्हें 3 लाख से 12 लाख रुपये वार्षिक पैकेज तक प्राप्त हो रहा है।
राजकीय एवं निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे टाटा पावर, मारुति सुजुकी, सुब्रॉस इंडिया लिमिटेड, आईओसीएल और नायरा एनर्जी में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि तकनीकी शिक्षा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बन रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

