तेज हवा से 33 केवी लाइन में फाल्ट, 6 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
भीषण गर्मी में बिल्सी नगर के लोग रहे बेहाल
बिल्सी। 132 केवीए उझानी पावर स्टेशन से नगर क्षेत्र के बिजली घर को आने वाली 33 केवीए की मुख्य लाइन में मंगलवार को तेज हवा के कारण दो स्थानों पर फाल्ट आ जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक सप्लाई ठप होने से पूरे नगर में करीब छह घंटे से अधिक आपूर्ति बाधित रही। इस भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के करीब एक बजे समय बिजली गुल होने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल नजर आए। वहीं, बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकलकर छांव में बैठने को मजबूर दिखे। लोगों का कहना है कि इस मुख्य लाइन में फाल्ट की समस्या नई नहीं है। क्षेत्र की जनता कई बार विधायक हरीश शाक्य और विभाग के उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों में इसको लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फाल्ट को खोजने का काम शुरू किया। तेज हवा के चलते लाइन में तकनीकी खराबी आने से मरम्मत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। विभागीय कर्मचारियों ने करीब छह घंटों की मेहनत के बाद फाल्ट को ठीक कर शाम बिजली आपूर्ति को सुचारू कराया। इस संबंध में एसडीओ जेपी सिंह ने बताया कि तेज हवा के कारण 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गया था, जिससे आपूर्ति बाधित हुई। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्य शुरू किया और कड़ी मेहनत के बाद फाल्ट को दूर कर दिया गया है। अब आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

