पांच घंटे में मिली लापता मासूम, पुलिस ने परिजनों से मिलवाया
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या चार से लापता हुई चार वर्षीय बच्ची को कोतवाली पुलिस ने महज पांच घंटे में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के मिलने से परिवार में राहत का माहौल है। मोहल्ला की रुखसार पत्नी मुवीन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी चार वर्षीय बेटी आयात घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने बच्ची की आसपास के संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल बच्ची की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच नगर निवासी शकील अहमद को सिरासोल चौराहा पर एक बच्ची रोते हुए मिली, जो अपने माता-पिता को खोज रही थी। शकील अहमद बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची के परिजनों का पता लगाया और उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। महिला चौकी इंचार्ज रचना देशवाल ने बताया कि बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवा दिया गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

