बारात से लौटते समय हाइवे पर युवक की सड़क हादसे में मौत
बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के गांव परौली के पास एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र रतचन सिंह निवासी कुदरनी कोतवाली बिल्सी के रूप में हुई है। मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार को उनके गांव से राहुल पुत्र मोर सिंह की बारात बिसौली क्षेत्र के गांव खजुरिया गई थी, जिसमें अर्जुन सिंह भी शामिल था। बारात मंगलवार तड़के करीब तीन से चार बजे वापस लौट रही थी। परिजनों के अनुसार, अर्जुन सिंह बारात की बस में सवार होकर घर लौट रहा था। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसी बीच पुलिस से सूचना मिली कि परौली गांव के पास उसका शव दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला है, जिसे मोर्चरी में रखवा दिया गया था। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना को लेकर बारात की बस स्टॉप पर लापरवाही सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

