बिजली संकट से जूझे किसान, एसडीओ दफ्तर पर किया प्रदर्शन
सिंचाई के अभाव में चौपट हो रही हैं खेतों में खड़ी फसलें
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव अगोल, नगरिया, नगला जाटान और कुदरनी सहित कई गांवों के किसानों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने के विरोध में सोमवार को बिल्सी एसडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि लगातार कई दिनों से बिजली न मिलने के कारण उनकी मक्का की फसल सूखने लगी है, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे बड़ी संख्या में किसान एसडीओ दफ्तर घर पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए समस्या के समाधान की मांग की। किसानों का कहना था कि सिंचाई की बिजली सप्लाई पिछले चार दिनों से ठप पड़ी है, जिससे सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। अगोल निवासी भूरे शाक्य ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेतों में पानी नहीं लग पा रहा है, जिसके चलते मक्का की फसल सूख रही है। वहीं राजेश शाक्य ने कहा कि समय पर सिंचाई न होने से फसलें बर्बाद हो रही हैं और किसान आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान हरिप्रसाद, सोनू, नीरज कुमार, प्रदीप, टिक, नवाब, राजू, साजिद, पुरन, मोनू ठाकुर, ज्ञानचंद्र, धर्मेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, ओमबाबू, राजेश मौर्य, पूरनलाल, भूरा मौर्य, लखपत शाक्य समेत अन्य किसान मौजूद रहे। वहीं जेई गजेंद्र पाल ने किसानों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति सोमवार दोपहर 2 बजे तक बहाल कर दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान शांत होकर लौट गए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

