सूखे पेड़ को हटाने की मांग को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन
बिल्सी। नगर के देववाणी चौराहे के पास उझानी को जाने वाली मुख्य सकड़ पर खड़े एक सूखे पेड़ को हटाने की मांग को लेकर रविवार सुबह यहां के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि यह पेड़ कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासी अमित माहेश्वरी ने बताया कि देववाणी चौराहे पर दिनभर राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यह सूखा पेड़ लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो किसी भी समय तेज हवा व आंधी में गंभीर दुर्घटना हो सकती है। चरत माहेश्वरी ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायत पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पूर्व में आई आंधी के दौरान पेड़ की एक बड़ी टहनी टूटकर गिर चुकी है, जिसमें नीचे खड़े लोग बाल-बाल बच गए थे। सचिन कुमार ने भी बताया कि स्टैंड के आसपास हमेशा भीड़भाड़ रहती है और तेज हवा चलने पर पेड़ गिरने का खतरा बना रहता है। यदि यह पेड़ गिरता है तो किसी की जान भी जा सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित हादसे को देखते हुए इस सूखे पेड़ को तत्काल हटाया जाए। इसी मांग को लेकर लोगों ने रविवार सुबह प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन करने वालों में शंकर लाल, गौरव गौतम, सचिन कुमार, टीटू गौतम, कुंवर पाल, रामकुमार, योगेंद्र सिंह, अमित माहेश्वरी, वीरेश कुमार, चरत माहेश्वरी, मुजम्मिल अली, छोटू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

