कुंवरगांव। कस्बे में एक मासूम की गंभीर बीमारी ने लोगों का दिल झकझोर दिया है। मुख्य चौराहे पर चाय की दुकान चलाने वाले राकेश सैनी के छोटे बेटे सूरज की दोनों किडनियां खराब हो गई हैं। बरेली के एक निजी अस्पताल में उसका डायलिसिस के जरिए इलाज चल रहा है। लंबे इलाज और महंगे खर्च ने परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया है।
इसी बीच बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति रानी के पति अरविंद रावत पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने बच्चे की हालत की जानकारी ली और 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। साथ ही आश्वासन दिया कि आगे भी जरूरत पड़ने पर सहयोग किया जाएगा। मामले के सामने आने के बाद कस्बे में इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोग अब पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की बात कह रहे हैं। समाजसेवियों ने भी लोगों से अपील की है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करें, ताकि मासूम का इलाज जारी रह सके और उसे नया जीवन मिल सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com