बाबा साहब के आदर्शों पर चलकर ही समरस और सशक्त भारत का निर्माण संभव :- बी.एल. वर्मा
बदायूँ :- बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा द्वारा जनपद बदायूं में 155 प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता एवं दीपोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में उझानी स्थित अंबेडकर पार्क (सब्जी मंडी) में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान किया तथा दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। वहीं, सिविल लाइन, बदायूं स्थित अंबेडकर पार्क में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने समाज के उत्थान, समानता की स्थापना एवं भारतीय संविधान के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया है, जो सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।


जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए जो कार्य किए, वे सदैव स्मरणीय रहेंगे। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और एकता को मजबूत करना चाहिए।
एमएलसी वागीश पाठक ने कहा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपने संघर्ष और विचारों के माध्यम से समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की जो नींव रखी, वह आज भी हम सभी के लिए मार्गदर्शक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने कहा बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समर्पण और समाज सेवा का प्रतीक है। उन्होंने वंचित एवं पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में जागरूकता और समानता का वातावरण बनाना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com