*बदायूं*
*तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, मौके पर मौत; दो घायल*
सहसवान क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम सुल्तानपुर अहमदनगर टप्पा के सामने तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल से जा रहे एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, वीरपाल पुत्र बाबूराम (62 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर थाना सहसवान, साइकिल से अपने काम से जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में बाइक सवार विकास पुत्र कल्लू (28 वर्ष), निवासी सुरजनपुर थाना बिसौली, और पूजा पत्नी अमित सूरज भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान वीरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास और पूजा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*केशव गुप्ता*
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
