मानदेय भुगतान न होने पर ग्राम रोजगार सेवकों ने दी हड़ताल की चेतावनी
बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर के ग्राम रोजगार सेवकों ने लंबित मानदेय व ईपीएफ भुगतान को लेकर नाराजगी जताते हुए ज्ञापन सौंपा है। रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो वर्षों से अधिक समय से मानदेय एवं ईपीएफ का भुगतान लंबित है। जबकि सभी ग्राम रोजगार सेवक शासन के निर्देशानुसार अपने दायित्वों का निर्वहन लगातार कर रहे हैं। उनका कहना है कि भुगतान न होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और परिवार के भरण-पोषण में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संगठन के माध्यम से सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक सभी ग्राम रोजगार सेवक अपने कार्यों से विरत रहकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। ज्ञापन में खंड विकास अधिकारी से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। इस मौके पर अनुज कुमार सिंह, पंकज कुमार सिंह, सुरजीत सिंह, राजीव कुमार, सेवाराम, गजराज, हेमपाल सिंह, श्याम सिंह, डोरी लाल, सोनवती, परमानन्द, सौदान सिंह, प्रेम कुमार, भगवान सिंह, शिवचरण सिंह, मीना पाल, रंजीत कुमार, विनय प्रताप सिंह, रवेंद्रपाल सिंह, श्यामवीर, अरविंद पाल, सुरेन्द्र पाल आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

