महिला को न्याय दिलाने के लिए भाकियू का धरना तीसरे दिन भी जारी
बिल्सी। तहसील परिसर में चल रहा भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) का धरना प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ता एक महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर तहसील प्रांगण में डटे हुए हैं। तहसील अध्यक्ष रामसिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गांव अगोल के नगरिया निवासी सोमवती के घर की जगह पर गांव के कुछ दंबग लोगों ने मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने वहां बने मकान का दरवाजा भी निकाल लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित होकर भारतीय किसान यूनियन ने महिला को न्याय दिलाने के लिए धरना प्रदर्शन शुरू किया। रामसिंह ने चेतावनी दी कि यह धरना 10 अप्रैल तक जारी रहेगा। यदि तब तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन के कार्यकर्ता 10 अप्रैल के बाद भूख हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर वसीम खान, इरशाद खान, बब्बू खान, शैलेश कुमार समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

