बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम अंबियापुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कथावाचक साध्वी सीमा ने भक्त प्रह्लाद की कथा का भावपूर्ण एवं विस्तार से वर्णन किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए और पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण व्याप्त रहा। साध्वी सीमा ने बताया कि भक्त प्रह्लाद ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों और अत्याचारों का सामना किया, लेकिन भगवान विष्णु के प्रति उनकी आस्था कभी डगमगाई नहीं। उनके पिता हिरण्यकश्यप ने उन्हें कई प्रकार के कष्ट दिए, फिर भी उन्होंने सत्य और धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा। अंततः भगवान ने नरसिंह अवतार लेकर अपने भक्त की रक्षा की और अधर्म का विनाश किया। उन्होंने कहा कि यह कथा समाज को यह प्रेरणा देती है कि व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और भक्ति पर अडिग रहना चाहिए। सच्ची आस्था और सत्य की राह पर चलने वालों की भगवान सदैव रक्षा करते हैं। कथा के दौरान भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

